नईदिल्ली । कई सालों से जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का भाई अनमोल बुधवार को अमेरिका से भारत लाया गया। बीते दिन अमेरिका से उड़ान भरने वाला विमान बुधवार दोपहर भारत पहुंचा। एयरपोर्ट पर ही राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने अनमोल को गिरफ्तार कर लिया। जांच एजेंसी ने तस्वीर जारी की है, जिसमें उसके दो अधिकारी अनमोल को गिरफ्तार किए दिखाई दे रहे। अनमोल महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी की हत्याकांड का मुख्य आरोपी है। इसके अलावा, सलमान खान के घर के बाहर हुई गोलीबारी मामले में भी वह जुड़ा हुआ है। उसे एयरपोर्ट से सीधे दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट ले जाया जाएगा। 2022 से फरार, अमेरिका में रहने वाला अनमोल बिश्नोई, अपने जेल में बंद भाई लॉरेंस बिश्नोई के नेतृत्व वाले सिंडिकेट में शामिल होने के आरोप में गिरफ्तार होने वाला 19वां ​​आरोपी है। मामले की जांच के बाद, जिसमें यह स्थापित हुआ कि अनमोल ने 2020-2023 की अवधि के दौरान देश में विभिन्न आतंकवादी कृत्यों को अंजाम देने में नामित आतंकवादी गोल्डी बरार और लॉरेंस बिश्नोई की सक्रिय रूप से सहायता की थी, अनमोल के खिलाफ मार्च 2023 में एनआईए द्वारा आरोपपत्र दायर किया गया था।

इससे पहले, इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय (आईजीआई) हवाई अड्डे पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई। पुलिस कर्मियों ने डॉग स्क्वॉड के साथ टर्मिनल 3 पर वाहनों और परिसर की गहन जांच की और बिश्नोई के आगमन से पहले सुरक्षा के कई स्तर सुनिश्चित किए। अनमोल बिश्नोई कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का छोटा भाई है और पिछले साल अक्टूबर में हुई एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या के मामले में वांछित है।

इस बीच, अनमोल बिश्नोई के चचेरे भाई रमेश बिश्नोई ने केंद्र सरकार से अनमोल बिश्नोई की सुरक्षा सुनिश्चित करने का आग्रह किया है। न्यूज एजेंसी ‘एएनआई’ से बात करते हुए, रमेश बिश्नोई ने दावा किया कि अनमोल को केवल गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का भाई होने की सजा दी जा रही है। उन्होंने जांच एजेंसियों पर भरोसा जताते हुए कहा कि परिवार की मुख्य प्राथमिकता अपने रिश्तेदार की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि मुंबई पुलिस ने बिश्नोई के प्रत्यर्पण के बारे में दो प्रस्ताव भेजे थे। उन्होंने बताया कि गैंगस्टर के खिलाफ देशभर में कई मामले दर्ज हैं और केंद्र सरकार यह तय करेगी कि उसे पहले किस एजेंसी की हिरासत में भेजा जाए। अधिकारी ने बताया कि यह एक बहु-एजेंसी अभियान था और भारत लाए जाने के बाद मुंबई पुलिस भी अपने मामलों में उसकी हिरासत मांगेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *