गोदावरी। आंध्र प्रदेश के पूर्वी गोदावरी जिले के मारेडुमिल्ली और GM वालसा जंगलों में बुधवार सुबह सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई. इस मुठभेड़ में सात नक्सली मारे गए, जिनमें संगठन के IED विशेषज्ञ मेट्टुरु जोगाराव उर्फ टेक शंकर भी शामिल हैं. यह कार्रवाई मंगलवार से चल रहे संयुक्त ऑपरेशन का हिस्सा थी, जिसमें सुरक्षा एजेंसियों ने नक्सली नेटवर्क पर हमला किया. राज्य के इंटेलिजेंस एडीजी महेश चंद्र लड्डा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में पुष्टि की कि मुठभेड़ के दौरान चार पुरुष और तीन महिला नक्सली ढेर किए गए हैं. उन्होंने बताया कि फील्ड से लगातार अपडेट मिल रहे हैं और ऑपरेशन पूरी तरह से सफल रहा. सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, मारे गए नक्सलियों में टेक शंकर संगठन का तकनीकी स्तंभ था. वह आंध्र–ओडिशा बॉर्डर स्पेशल जोनल कमेटी (AOBSZC) का अहम सदस्य और तकनीकी संचालन का सबसे बड़ा जिम्मेदार माना जाता था. पुलिस के अनुसार, टेक शंकर ने पिछले वर्षों में छत्तीसगढ़ और AOB क्षेत्र में सुरक्षा बलों पर हुए लगभग सभी बड़े लैंडमाइन और IED हमलों को डिजाइन और अंजाम दिया था. वह हथियार निर्माण, संचार प्रणाली और विस्फोटक उपकरणों की डिजाइनिंग में माहिर था. पिछले कुछ महीनों से आंध्र–ओडिशा सीमा क्षेत्र में नक्सली गतिविधियों में तेजी देखी गई थी. खुफिया इनपुट से पता चला कि नक्सली जंगलों के भीतर नए ठिकाने बना रहे हैं, कैडर को दोबारा सक्रिय कर रहे हैं और छत्तीसगढ़ से नए समूह राज्य में प्रवेश करने की कोशिश कर रहे हैं. इसी के आधार पर आंध्र प्रदेश ग्रेहाउंड्स और अन्य एजेंसियों ने मंगलवार को बड़ा तलाशी अभियान शुरू किया. एडीजी लड्डा ने बताया कि 17 नवंबर को भी सुरक्षा बलों ने मारेडुमिल्ली क्षेत्र में एक बड़ी कार्रवाई की थी, जिसमें कुख्यात नक्सली नेता हिड़मा समेत छह नक्सली मारे गए थे. इन्हीं ऑपरेशनों से मिली जानकारी के आधार पर संयुक्त टीमों ने AOB क्षेत्र में फैले नक्सली नेटवर्क पर फोकस किया और लगातार कई जिलों में कार्रवाई की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *