हैदरनगर/पलामू। विश्व शौचालय दिवस के अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी विश्व प्रताप मालवा तथा प्रखंड वाश समन्वयक हरसू कुमार दयानिधि के निर्देशानुसार आज बुधवार को प्रखंड क्षेत्र में स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए जलसहिया, आंगनबाड़ी सेविकाओं, विद्यालयों तथा समुदाय स्तर पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाने का निर्देश दिया गया है। स्वच्छ भारत मिशन के तहत सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्त्ताओं से कहा गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में घर-घर संपर्क कर लोगों को शौचालय के नियमित उपयोग, रख-रखाव तथा स्वच्छ आदतों के महत्व के बारे में जागरूक करें। कार्यक्रमों में ग्रामीणों को खुले में शौच के दुष्प्रभाव, पानी से होने वाली बीमारियों की रोकथाम और व्यक्तिगत स्वास्थ्य-सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण संदेश दिए जाएंगे। प्रखंड विकास पदाधिकारी विश्व प्रताप मालवा ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी योजना नहीं, बल्कि यह स्वास्थ्य और मान-सम्मान से जुड़ा सामाजिक उत्तरदायित्व है। प्रत्येक परिवार को शौचालय का नियमित उपयोग सुनिश्चित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जागरूकता कार्यक्रमों का उद्देश्य यह है कि लोग स्वच्छ आदतों को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं, ताकि बीमारी कम हो और स्वस्थ समाज का निर्माण हो सके। अधिकारियों ने उम्मीद जताई है कि ऐसे कार्यक्रमों से समुदाय में स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी बढ़ेगी और शत-प्रतिशत शौचालय उपयोग सुनिश्चित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *