हजारीबाग । जिले के त्रिवेणी सैनिक कोल माइंस में अकाउंटेंट के पद पर कार्यरत रोहित जैन ने अपनी पत्नी रूपा अग्रवाल पर पालतू कुत्ते के जरिए हमला करवाने का गंभीर आरोप लगाया है। मामला पुलिस के लिए भी उलझन भरा बन गया है, क्योंकि यह विवाद कथित रूप से एक मामूली सलाह से शुरू होकर हिंसा में बदल गया। जानकारी के अनुसार, रोहित और रूपा का विवाह 24 जनवरी 2025 को हुआ था। शादी के बाद से ही दोनों के बीच लगातार मतभेद और तनाव की स्थिति बनी हुई थी। रोहित अपनी पत्नी के मायके 8 नवंबर को कुछ रिश्तेदारों से मिलने पहुंचे थे और रात वहीं रुके। अगली सुबह नाश्ते के दौरान रोहित ने पत्नी को सुझाव दिया कि वे सोने के जेवर की जगह आर्टिफिशियल ज्वेलरी पहन लें। इसी बात पर दोनों के बीच तीखी बहस हो गई। रोहित ने आरोप लगाया कि बहस के दौरान रूपा ने अपने पालतू जर्मन शेफर्ड कुत्ते को उस पर हमला करने के लिए उकसाया।
कथित रूप से कुत्ते ने उन पर झपटकर गंभीर चोटें पहुंचाईं। परिवार के अन्य सदस्यों ने काफी मशक्कत के बाद रोहित को कुत्ते से छुड़ाया और तत्काल अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार, रोहित के शरीर पर कई गहरे जख्म हैं और उनका स्वास्थ्य अभी भी चिंताजनक है। थाना प्रभारी निशांत केरकेट्टा ने बताया कि, रोहित के बयान के आधार पर मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर सबूत एकत्र किए हैं। दोनों पक्षों से पूछताछ चल रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *