
घाटशिला क्षेत्र का सर्वांगीण विकास झामुमो की प्राथमिकता : हेमंत सोरेन
प्रचार थमने से पहले झामुमो ने झोंकी पूरी ताकत, सोमेश सोरेन को जीताने की किया अपील
घाटशिला-जमशेदपुर : घाटशिला विधानसभा उपचुनाव में प्रचार के अंतिम दिन रविवार को झामुमो ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने घाटशिला में और गांडेय विधायक कल्पना सोरेन ने मुसाबनी में रोड शो कर झामुमो प्रत्याशी सोमेश सोरेन के पक्ष में वोट की अपील की। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रोड शो की शुरुआत मांझी परगना महाल धाड़ दिशोम परिसर में वीर शहीद सिदो-कान्हो की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर की। इसके बाद उन्होंने झामुमो प्रत्याशी स्व. रामदास सोरेन के पुत्र सोमेश सोरेन के साथ रोड शो करते हुए मतदाताओं से झामुमो को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की।उन्होंने कहा कि झामुमो की सरकार जनहित में काम कर रही है और घाटशिला क्षेत्र का सर्वांगीण विकास करना पार्टी की प्राथमिकता है। हेमंत सोरेन ने कहा कि सोमेश सोरेन अपने पिता स्व. रामदास सोरेन के अधूरे कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। रोड शो के दौरान जगह-जगह लोगों ने फूल-मालाओं से स्वागत किया। मुख्यमंत्री के साथ बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।बता दें कि झारखंड की बहुचर्चित घाटशिला विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए चुनावी प्रचार रविवार शाम पांच बजे थम गया। इस सीट पर कुल 13 प्रत्याशी मैदान में हैं। झामुमो मुख्य मुकाबले में है। झामुमो ने दिवंगत पूर्व शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन के पुत्र सोमेश चंद्र सोरेन पर भरोसा जताया है। राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, यह उपचुनाव सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों के लिए प्रतिष्ठा का विषय बन गया है। घाटशिला सीट पर मुकाबला बेहद रोमांचक और कांटेदार है। जनता किसे चुनेगी, इसका फैसला 11 नवंबर को मतदान के बाद ही होगा।
कल्पना सोरेन ने किया रोड शो, उमड़ा जनसैलाब
गांडेय विधायक कल्पना सोरेन ने मुसाबनी में सुरदा स्थित दिशोम जाहेरगाढ़ चौक पर शहीदों की मूर्तियों पर माल्यार्पण कर अपने रोड शो की शुरुआत की।उनके आगमन पर क्षेत्र में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। रोड शो के दौरान जगह-जगह स्थानीय लोगों ने फूल-मालाओं से उनका जोरदार स्वागत किया और झामुमो ज़िंदाबाद के नारे लगाते हुए माहौल को पूरी तरह चुनावी रंग में रंग दिया। कल्पना सोरेन के काफिले के गुजरने पर सड़कों के दोनों ओर लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। इस अवसर पर कल्पना सोरेन ने कहा कि झारखंड की अस्मिता, सम्मान और विकास की रक्षा के लिए जनता को एकजुट होकर झामुमो प्रत्याशी सोमेश चंद्रा सोरेन को भारी मतों से विजयी बनावे। उन्होंने कहा कि यह जीत दिवंगत नेता स्वर्गीय रामदास सोरेन के सपनों को साकार करने की दिशा में एक सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने मुसाबनी बस स्टैंड, महुलबेड़ा, कोइलीसुता, भुल्लूघुटू और पारुलिया में नुक्कड़ सभाओं को भी संबोधित किया। मौके पर उन्होंने कहा कि स्व. रामदास सोरेन ने अंतिम समय तक जनता की सेवा में जीवन समर्पित किया। अब समय है कि उनके पुत्र सोमेश सोरेन को विजयी बनाकर उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि दी जाए।उन्होंने कहा कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झामुमो आदिवासियों, किसानों, मजदूरों और वंचित वर्ग के उत्थान के लिए लगातार काम कर रही है।
इनकी रही उपस्थिति

इस दौरान मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू, सिंहभूम की सांसद जोबा माझी, विधायक सविता महतो, दशरथ गागराई, पूर्व विधायक कुणाल षड़ंगी, मुसाबनी प्रखंड अध्यक्ष प्रधान सोरेन, डुमरिया प्रखंड अध्यक्ष मिर्जा सोरेन, पोटका प्रखंड अध्यक्ष सुधीर सोरेन, बुधराम बेसरा, अशोक सोरेन और हरिशरण महाकुड़ समेत बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता मौजूद रहे।

