रांची। झारखंड में धीरे-धीरे ठंड बढ़ने लगी है। राजधानी रांची समेत राज्य के दक्षिणी जिलों सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, खूंटी और बोकारो में सुबह के समय ठंड और कनकनी महसूस की जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार से ठंड में और इजाफा होगा। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि राज्य के संताल और उत्तरी जिलों में ठंड कुछ कम है। इन इलाकों का न्यूनतम तापमान दक्षिणी जिलों की तुलना में 4 से 5 डिग्री अधिक दर्ज किया गया है। फिलहाल अगले 24 घंटे में तापमान में खास बदलाव नहीं होगा, लेकिन शनिवार से न्यूनतम तापमान तेजी से घटने की संभावना है। इस दौरान सुबह और शाम में कुहासा भी बढ़ेगा। रांची में न्यूनतम तापमान 15.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है, जबकि दक्षिणी जिलों में तापमान 13 से 16 डिग्री के बीच रहा। वहीं, संताल क्षेत्र के छह जिलों में न्यूनतम तापमान 18 से 21 डिग्री के बीच दर्ज हुआ। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, इस बार मॉनसून के दौरान झारखंड में अच्छी बारिश हुई थी और अक्तूबर में भी कई जगह वर्षा हुई, जिससे वातावरण में नमी बनी हुई है। अब बादल छंटने के साथ उत्तर की ठंडी हवाएं आने लगी हैं, जो आने वाले दो दिनों में और प्रभावी होंगी। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले सात दिनों तक मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन पूरे राज्य में ठंड लगातार बढ़ती जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *