
रांची : चक्रवाती तूफान मोंथा को लेकर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने तैयारियों की समीक्षा कर तटीय राज्यों को आवश्यक सहायता का पूरा आश्वासन दिया है. मोंथा के कारण आंध्र प्रदेश के 15 जिलों में जनजीवन प्रभावित हुआ. इस तूफान के कारण 3 लोगों की मौत हो गई और 2 लोग घायल हुए हैं. मौसम विभाग के अनुसार तूफान कमजोर हो रहा है, लेकिन सरकार ने प्रभावित क्षेत्रों में अलर्ट जारी किया है.ओडिशा के मौसम विज्ञान विभाग की निदेशक मनोरमा मोहंती ने बताया कि मोंथा आने के बाद ओडिशा में 25 जगहों पर भारी बारिश हुई है. गजपति जिले में सबसे ज़्यादा 150.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई और अगले 24 घंटों में कुछ जगहों पर भारी बारिश का अनुमान है. जानकारी के मुताबिक चक्रवात तूफान मोंथा के कारण तेलंगाना के 6 जिलों में स्कूल बंद कर रेड अलर्ट जारी किया गया है. मोंथा चक्रवात की वजह से अगले 24 घंटों में कुछ जगहों पर भारी बारिश का अनुमान है. साथ ही बिजली गिरने और तेज हवाओं की भी संभावना है.चक्रवाती तूफान मोंथा का असर झारखंड में भी दिख रहा है. तूफान के कारण रांची समेत झारखंड के कई जिलों में मंगलवार को बारिश शुरू हो गई. मौसम विभाग ने शुक्रवार तक रांची समेत 19 जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है. इधर, आपदा प्रबंधन मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने भी सभी जिलों के डीसी को सतर्कता बरतने और जरूरी तैयारियों को पूरा करने का निर्देश दिया है.


