नई दिल्ली : दिवाली के त्योहार के बाद दिल्ली एक बार फिर धुएं और धूल की चादर में घिरी नजर आ रही है. स्विट्जरलैंड की एयर क्वालिटी फर्म आईक्यू एयर की ताज़ा रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली दुनिया का सबसे प्रदूषित शहर बन गया है. इस लिस्ट में भारत के मुंबई (5वां स्थान) और कोलकाता (8वां स्थान) भी शामिल हैं. पाकिस्तान के लाहौर और कराची, कुवैत, ताशकंद, दोहा, ऑस्ट्रेलिया का कैनबरा और इंडोनेशिया की जकार्ता भी टॉप 10 में हैं.रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली की हवा दिवाली के बाद तेजी से खराब हुई. पटाखों का धुआँ, वाहनों के धुएँ, निर्माण कार्य और पराली जलाने से हवा में जहरीले कण घुल गए हैं. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के मुताबिक, मंगलवार सुबह दिल्ली का एक्यूआई 350 रिकॉर्ड किया गया, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आता है. कुछ इलाकों जैसे बवाना, जहांगीरपुरी, वज़ीरपुर, अलीपुर और बुराड़ी क्रॉसिंग में एक्यूआई 401 से ऊपर गया, जो ‘गंभीर’ श्रेणी में आता है. पर्यावरण विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि अगर तुरंत कदम नहीं उठाए गए, तो सर्दियों में प्रदूषण और बढ़ सकता है. डॉक्टरों के अनुसार, ‘बहुत खराब’ या ‘गंभीर’ श्रेणी की हवा में लंबे समय तक रहना फेफड़े, दिल और आंखों के लिए हानिकारक है, खासकर बच्चों और बुजुर्गों के लिए.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *