रांची राजधानी रांची के पॉश इलाकों में शुमार कांके रोड के चौपाटी रेस्टोरेंट में गोलीबारी हुई. जिसमें रेस्टोरेंट के मालिक विजय की मौत हो गई. खाने के विवाद को लेकर इस घटना को अंजाम दिया गया. मामले की जानकारी मिलने के बाद रांची पुलिस घटना के बारे में तफ्तीश कर रही है. रांची के कांके रोड स्थित प्रसिद्ध चौपाटी रेस्टोरेंट के मालिक विजय की गोली मारकर हत्या कर दी गई है. शनिवार की देर रात कुछ अपराधियों के द्वारा इस वारदात को अंजाम दिया गया. स्थानीय लोगों ने बताया कि गोली चलने की आवाज सुनकर जब वे लोग रेस्टोरेंट की तरफ दौड़े तो कुछ युवक बाहर निकल रहे थे, जबकि विजय जमीन पर गिरे हुए थे. आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी. रेस्टोरेंट के कुछ कर्मचारियों ने बताया कि उनके मालिक विजय और दो तीन युवकों की किसी बात को लेकर पहले नोकझोंक हुई, इसी बीच एक युवक ने गोली चला दी. विजय, रांची के नामी रेस्टोरेंट के मालिक थे. कांके रोड में उनका काफी पुराना व्यवसाय है. मामले की जानकारी मिलते ही रांची पुलिस के कई वरीय अफसर मौके पर पहुंचे. अब तक जो जानकारी मिली है उसके अनुसार खाने को लेकर विवाद हुआ और फिर इस गोलीबारी को अंजाम दिया गया है. बताया जा रहा है कि कुछ लोगों ने रेस्टोरेंट से बिरयानी ऑर्डर की थी. वेज और नॉन वेज बिरयानी को लेकर कुछ विवाद हुआ जिसके बाद बिरयानी ऑर्डर करने वाले युवकों में से एक ने विजय पर गोली चला दी. गोली सीधे विजय के सीने में लग गई, जिसकी वजह से उनकी मौत हो गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *