तमाड़ । थाना क्षेत्र के राजाडेरा में गुरुवार रात हुई फायरिंग ने स्थानीय लोगों में दहशत फैला दी। रात लगभग 9 बजे सोनू खान और संजय मछुआ शंभु मुंडा के घर पहुंचे और अचानक देशी पिस्टल निकालकर दो फायरिंग कर दी। एक गोली दीवार पर लगी, जबकि दूसरी शंभु मुंडा के कंधे पर जा लगी। घटना के तुरंत बाद शंभु मुंडा को तमाड़ हॉस्पिटल पहुंचाया गया। तमाड़ में प्रारंभिक इलाज के बाद बेहतर उपचार के लिए उन्हें रिम्स रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन शुरू कर दी। जमीन विवाद बना घटना की वजह: जानकारी के अनुसार, घटना का मुख्य कारण एनएच 33, दुवारसिनी मोड के समीप सिंहजुड़ी में स्थित जमीन को लेकर चल रहे विवाद से जुड़ा है। शंभु मुंडा के ससुर, स्व. पंचानन मुंडा की यह जमीन पांच साल पहले संजय मछुआ को लीज पर दी गई थी, जिस पर उसने होटल चलाया। पांच साल की अवधि पूरी होने के बाद शंभु मुंडा ने जमीन खाली करने का दबाव डाला, जिससे दोनों पक्षों में तनातनी बढ़ गई। पुलिस ने किया एक आरोपी को गिरफ्तार: थाना प्रभारी प्रवीण मोदी ने बताया कि फायरिंग के आरोप में एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ जारी है। दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार इलाके में छापेमारी कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *