पटना । बिहार में चुनाव आयोग द्वारा चुनावों की तारीखों का ऐलान कर दिया गया है, मगर अभी तक भी बिहार में महागठबंधन और एनडीए में सीट शेयरिंग को लेकर मामला फंसा हुआ है. बुधवार को कांग्रेस ने सीट बंटवारें को लेकर अहम बैठक भी बुलाई है. बैठक में कांग्रेस नेता अजय माकन सहित अन्य नेता शामिल हुए हैं. बताया गया है कि बैठक के दौरान बिहार की 25 सीटों को लेकर चर्चा की गई है और इन सीटों पर उम्मीदवरों के नाम पर भी मुहर लग गई हैं. वहीं कांग्रेस के सूत्रों का कहना है कि सीट बंटवारे को लेकर बिहार में जो भ्रम की स्थिति बनी हुई है. इसको देखते हुए बैठक का आयोजन किया गया और संदेश गया है कि कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी बिहार की जिन सीटों पर मुहर लगाएगी, उन्हीं सीटों पर कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवार चुनाव लड़ेंगे. वहीं बिहार के पटना में आरजेडी नेता तेजस्वी यादव के आवास पर महागठबंधन के नेताओं की सीट शेयरिंग को लेकर मंगलवार देर रात तक चर्चा हुई. ऐसे में बुधवार को कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति (CEC) की यह बैठक बुलाई गई है. मंगलवार को पटना में हुई बैठक में आरजेडी, कांग्रेस, विकासशील इंसान पार्टी और माकपा के प्रतिनिधि मौजूद रहे थे. बताया जां रहा है कि पटना में हुई बैठक में विकासशील इंसान पार्टी (VIP) प्रमुख मुकेश सहनी की ओर से बिहार विधान सभा चुनाव में 40 से अधिक सीटों की मांग रखी थी और इस दौरान उन्होंने कांग्रेस द्वारा किए जा रहे 60 सीटों के दावे पर भी सवाल उठाया था. इस दौरान वीआईपी पार्टी की ओर से दावा भी किया गया था कि वीआईपी पार्टी के समर्थन के बिना विपक्ष सत्ता में नहीं आ सकता. इसलिए उन्हें पर्याप्त सम्मान और हिस्सेदारी मिलनी चाहिए.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *