
बोकारो: स्टील प्लांट के एसएमएस-2 सेक्शन में हॉट मेटल चार्जिंग के दौरान तीन कर्मचारी पर भारी हॉट मेटल गिर गया, जिससे तीनों बुरी तरह से झुलस गए. जिसके बाद सभी कर्मचारियों को तुरंत बोकारो जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां सभी का इलाज चल रहा है. जानकारी के अनुसार, यह हादसा उसी जगह पर हुआ है जहां प्लांट के कर्मचारी रोजाना काम करते हैं. हादसे के बाद कर्मचारियों की हालत गंभीर होने के बावजूद प्लांट प्रबंधन ने इस पर कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया नहीं दी है. कर्मियों का आरोप है कि यह कोई पहला मामला नहीं है. पिछले कुछ महीनों में यहां सुरक्षा मानकों की अनदेखी को लेकर कई बार सवाल उठ चुके हैं. दरअसल, कोरोना महामारी के दौरान बोकारो स्टील प्लांट ने देश के विभिन्न राज्यों और विदेशों में ऑक्सीजन सप्लाई कर लोगों को जीवनदान दिया था लेकिन अब वही प्लांट अपने कर्मचारियों के लिए असुरक्षित जगह बन गई है. काम कर रहे कर्मचारियों के परिवार और सहकर्मी चिंतित हैं. इधर हादसे के बाद से प्लांट प्रबंधन इस मामले पर चुप्पी साधे हुए है जबकि कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर कई बार चेतावनी दी जा चुकी है.स्थानीय लोग और कार्यकर्ता इस हादसे पर चिंता जताते हुए कह रहे हैं कि प्लांट की सुरक्षा मानकों में सुधार की आवश्यकता है. उन्होंने बताया कि केवल बड़े दावे और बयान देना पर्याप्त नहीं है. धरातल पर कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित होनी चाहिए।


