
रांची। झारखंड राज्य में मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के लाभुकों को दुर्गापूजा से पहले सितंबर माह की राशि मिल जायेगी. इसके साथ ही राज्य के लगभग 11.75 लाख लाभुकों को वृद्धा, विधवा व दिव्यांग पेंशन की तीन माह की राशि भी मिलेगी. सितंबर महीने में 50 लाख से अधिक महिलाओं को मंईयां योजना की राशि मिलेगी. अगस्त में भी 50 लाख से अधिक लाभुकों के बैंक खाते में राशि ट्रांसफर हुई थी. सितंबर माह की राशि ट्रांसफर करने को लेकर सामाजिक सुरक्षा निदेशालय द्वारा जिलों को जल्द दिशा-निर्देश जारी किया जायेगा. 15 सितंबर के बाद जिला स्तर से राशि ट्रांसफर करने की प्रक्रिया शुरू होगी. इसके साथ ही अक्तूबर माह की राशि भी दीपावली और छठ त्योहार से पहले मिल जायेगी. सामाजिक सुरक्षा निदेशालय द्वारा जिलों को नवंबर माह तक के लिए राशि आवंटित की गयी है. विभिन्न जिलों को 9600 करोड़ रुपये मिले हैं. मैया सम्मान योजना के तहत लाभुक को प्रति माह 2500 रुपये दिये जाते हैं. निदेशालय ने जिलों से अयोग्य लाभुकों द्वारा ली गयी राशि के संबंध में भी जानकारी मांगी है. जिन लाभुकों ने गलत तरीके से राशि पायी है, उन पर की गयी कार्रवाई की जानकारी मांगी है. राज्य के वृद्धा, विधवा व दिव्यांग पेंशनधारियों को एक साथ तीन माह की पेंशन मिलेगी. पेंशनधारियों को अगले सप्ताह राशि मिल जायेगी. एक पेंशनधारी को 3000 रुपये मिलेंगे. राज्य में कुल 11,75,646 पेंशनधारी है. इनमें से 8,99,076 लोगों को वृद्धा पेंशन, 2,51,173 को विधवा पेंशन और 25397 लोगों को दिव्यांग पेंशन मिलेगी. पेंश्नधारियों को जून तक पेंशन मिली थी. वित्तीय वर्ष 2025-26 में जुलाई से पेंशन नहीं मिली थी।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए नीचे लिंक पर क्लिक करें।
https://chat.whatsapp.com/JFw1xz8Rrz33p6cdtYJXaT


