
जमशेदपुर । अज्ञात अपराधियों ने व्यवसाई की आंख में मिर्च पाउडर डालकर 30 लाख रुपये लूट लिए. घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी पैसों से भरा बैग लेकर फरार हो गए. घटना जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र की है. शहर में 24 घंटे के अंदर लूट की यह दूसरी घटना है. मामले में सिटी एसपी ने बताया कि अपराधियों की पहचान की जा रही है और जल्द सभी की गिरफ्तारी की जाएगी. जानकारी के मुताबिक व्यापारी साकेत अग्रवाल अपनी स्कूटी से बैंक में रुपये जमा करने जा रहे थे. स्कूटी में एक बैग था जिसमें रूपये थे. गुरुद्वारा के पास पहले से घात लगाए बैठे कार में सवार अपराधियों ने पहले व्यापारी को रोका और फिर उसकी आंख में लाल मिर्च का पाउडर डालकर रूपये से भरा बैग लेकर फरार हो गए. इस दौरान अपराधियों ने हवाई फायरिंग भी की. जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. सूचना मिलने के बाद घटनास्थल पर सिटी एसपी समेत बिष्टुपुर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची. पुलिस स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है. पुलिस को घटनास्थल से कोई सुराग नहीं मिला है. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है, ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके।


