
सड़क दुर्घटना में घायल युवक भागकर पहुंचा कुंदा चौक,पुलिस ने पुनःपहुंचाया अस्पताल
कुंदा : कुंदा-पांकी मुख्य पथ स्थित एकता गांव के समीप बुधवार को दो मोटरसाइकिल में जबरदस्त टक्कर हो गई।इस हादसे में दो युवकों की मौत हो गई,जबकि एक बुरी तरह घायल हो गया।मृतक युवकों की पहचान कुटील गांव निवासी बजरंगी गंझू पिता महेशर गंझू और लोहरसी के तितलांगी गांव निवासी बिरेन्द्र भुईया के रूप में हुई है।घायल लोहरसी के तितलांगी गांव निवासी बब्लू भुईया का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा था, लेकिन वह सदर अस्पताल चतरा से भागकर कुंदा मेन चौक पहुंच गया। ग्रामीणों ने इसकी सूचना कुंदा पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस ने उसे पुनः प्रतापपुर प्राथमिक अस्पताल में इलाज के लिए भेजा और बाद में उसके परिजनों को सौंप दिया।जानकारी के अनुसार, मृतक बजरंगी गंझू लोहरसी से सप्ताहिक बाजार से समान खरीदकर वापस कुटील गांव आ रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही बाइक ने एकता मोड़ के पास उनकी बाइक में टक्कर मार दी, जिससे यह हादसा हुआ।ग्रामीणों ने बताया कि घायल युवक नशे की हालत में थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।


