
सिमडेगा । बानो गिरदा ओपी क्षेत्र के गेनमेर खास गांव में मामूली विवाद के बाद पत्नी ने अपने पति पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। घटना में पति मनोज सिंह गंभीर रूप से झुलस गए हैं। ग्रामीणों ने बताया कि शुक्रवार की देर शाम में मनोज सिंह और उनकी पत्नी खेत में टमाटर की रोपाई कर घर लौटे थे। घर लौटने के बाद दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में पत्नी ने पति पर पेट्रोल डालकर माचिस से आग लगा दी। अचानक हुई इस घटना से पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों और परिजनों ने किसी तरह आग पर काबू पाया और गंभीर रूप से झुलसे मनोज सिंह को तत्काल प्राथमिक इलाज के बाद राउरकेला के आईजीएच अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहाँ उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि पति-पत्नी के बीच विवाद तो आम बात होती है। लेकिन इस तरह की घटना ने सभी को हिलाकर रख दिया है। लोग इसे पारिवारिक कलह का खौफनाक रूप मान रहे हैं। इधर घटना के संबंध में गिरदा ओपी प्रभारी जितेंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि घायल से बयान लेने के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। फिलहाल पुलिस को कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। मामले की जांच जारी है। जो क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए नीचे लिंक पर क्लिक करें।
https://chat.whatsapp.com/JHqYrWnMsu2KY7RyhHU1DY


