सबजोनल कमांडर ने मचाया जमकर उत्पात दो वाहन को किया आग के हवाले

चतरा, झारखंड । लंबे समय के बाद नक्सलियों ने एक बार फिर चतरा जिले में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है।जिले के लावालौंग थाना क्षेत्र अंतर्गत लेम्बोडीह-विशुनपुर गांव में बीती रात नक्सलियों ने उत्पात मचाया, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, माओवादी संगठन से जुड़े सबजोनल कमांडर मनोहर गंझू के नेतृत्व में नक्सलियों का एक दस्ता गांव पहुंचा और सतन गंझू के घर की तलाशी ली।सतन की अनुपस्थिति में नक्सलियों ने घर के बाहर खड़े एक ट्रैक्टर और सवारी वाहन में आग लगा दी।घटना के बाद से ग्रामीणों में भारी भय व्याप्त है।
सूत्रों के मुताबिक,यह हमला एक साजिश का हिस्सा हो सकता है। बताया जा रहा है कि हाल ही में जेल से रिहा हुआ एक युवक सतन गंझू के खिलाफ षड्यंत्र रचते हुए नक्सलियों के संपर्क में था और उन्हीं के माध्यम से इस घटना को अंजाम देने की कोशिश की गई।
घटना में नक्सली कमांडर मनोहर गंझू के साथ सुनील गंझू और उनके समर्थक शामिल थे।नक्सलियों की आक्रोशित प्रतिक्रिया से यह संकेत मिल रहा है कि अगर सतन उस समय घर में मौजूद होता,तो अप्रिय घटना घट सकती थी।
उधर,घटना के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया है।सिमरिया एसडीपीओ शुभम खंडेलवाल के नेतृत्व में लगातार छापामारी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस नक्सलियों की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *