
गिरिडीह । नक्सली संगठन भाकपा माओवादी के खिलाफ गिरिडीह पुलिस और सीआरपीएफ को महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी है. पुलिस और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम ने नक्सलियों द्वारा छिपा कर रखे गए विस्फोटक को बरामद किया है. यह बरामदगी जिले के खुखरा थाना क्षेत्र से हुई है. क्षेत्र पारसनाथ की तराई वाला बताया जा रहा है. जो जानकारी मिली है उसके अनुसार नक्सलियों के खिलाफ पुलिस और सीआरपीएफ के द्वारा संयुक्त रूप से इलाके में सर्च अभियान चलाया जा रहा था. इस बीच गिरिडीह के पुलिस कप्तान डॉक्टर विमल कुमार एवं सीआरपीएफ 154 बटालियन के कमांडेंट सुनील दत्त तिवारी को यह सूचना मिली थी कि पारसनाथ के जंगल में किसी कांड को कारित करने के उद्देश्य से नक्सलियों द्वारा विस्फोटक छिपाकर रखा गया है. इस सूचना पर एसपी एवं कमांडेंट के निर्देश पर सीआरपीएफ के द्वितीय कमान अधिकारी कुमार ओमप्रकाश सिंह, एएसपी अभियान सुरजीत, सहायक कमांडेंट सीएच तोम्बा सिंह के नेतृत्व में एक टीम ने पूरे क्षेत्र को खंगालने का काम शुरू किया. इसी दौरान जोकाई नाला के पास विस्फोटक बरामद किया गया. पूरे मामले की पुष्टि जिले के एसपी डॉ बिमल कुमार ने की है. बताया है कि जोकाई नाला ( चतरो कानाडीह ) के समीप गड्ढे में 300 मीटर कोडेक्स वायर, 13 लीटर एक्सप्लॉसिव केमिकल लिक्विड मिला है. टीम में निरीक्षक जीडी ओमप्रकाश के अलावा जिला पुलिस बल तथा सीआरपीएफ की टीम भी शामिल थी. यहां बता दें कि जिले के पीरटांड प्रखंड खासकर पारसनाथ का तराईवाला इलाका कभी नक्सलियों की सेफ जोन में शुमार था. यहां नक्सलियों की चहलकदमी आम थी. आए दिन नक्सली घटनाओं को अंजाम देते रहते थे. हालांकि पिछले कुछ वर्षों से नक्सलियों की गतिविधि पर लगाम लगा है. पुलिस और सीआरपीएफ की टीम के संयुक्त प्रयास से इस क्षेत्र से नक्सलियों के पांव लगभग उखड़ ही गए हैं.


