बोकारो । जिले में बुधवार की सुबह सड़क जाम हटाने के दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प हो गई जिसमें सियालजोरी थाना प्रभारी मनीष कुमार का सिर फट गया. जहां से उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया. दरअसल, झारखंड शोषण मुक्ति उलगुलान मंच पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार बोकारो के चंदनकियारी प्रखंड स्थित इलेक्ट्रो स्टील वेदांता में रोजगार की मांग को लेकर आंदोलन और प्रदर्शन कर रहा था. थाना प्रभारी लगातार उन्हें बातचीत के लिए मनाने की कोशिश कर रहे थे. इसी दौरान यह घटना घटी. बुधवार की सुबह ग्रामीणों ने अलकुशा मोड़ को जाम कर दिया. सूचना मिलने पर सियालजोरी थाना प्रभारी मनीष कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे. उन्होंने ग्रामीणों को समझाने की कोशिश की कि सड़क जाम न करें, हम कंपनी से बातचीत करेंगे. इसी बात पर विवाद बढ़ गया और धक्का-मुक्की शुरू हो गई. आंदोलनकारी उग्र हो गए. जिसे देखते हुए पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा. इससे कुछ देर के लिए भगदड़ की स्थिति उत्पन्न हो गई. इसी दौरान थाना प्रभारी को भी चोट लग गई. घायल थाना प्रभारी मनीष कुमार ने बताया कि प्रदर्शनकारियों ने सड़क जाम कर रखी थी. उन्हें जाम हटाने के लिए समझाया जा रहा था. उन्हें यह भी कहा गया कि उन्हें कंपनी से बात करायी जाएगी. लेकिन वे नहीं माने. इसी बीच किसी ने सिर पर लाठी चला दिया. जानकारी के अनुसार, थाना प्रभारी के घायल होने के बाद भी अलकुशा मोड़ पर आंदोलन जारी है. थाना प्रभारी मनीष कुमार का फिलहाल इलाज चल रहा है. उनके सिर और हाथ में चोटें आई हैं. कुछ आंदोलनकारियों के भी घायल होने की खबर है।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए नीचे लिंक पर क्लिक करें।

https://chat.whatsapp.com/LnzXi8cnQGtKJUUT78UqXz

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *