
रांची। झारखंड के दिवंगत शिक्षा एवं निबंधन मंत्री रामदास सोरेन को आज सुबह झारखंड विधानसभा में राजकीय सम्मान के साथ विदाई दी गई। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, संसदीय कार्य मंत्री राधा कृष्ण किशोर समेत कई मंत्री, विधायक और सांसदों ने उनके पार्थिव शरीर पर पुष्प चढ़ाकर श्रद्धांजलि अर्पित की। राज्यपाल ने कहा कि रामदास सोरेन का असामयिक निधन राज्य के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने शोकाकुल परिजनों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं और ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा परिजनों को धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना की। रामदास सोरेन का शुक्रवार देर रात दिल्ली के अपोलो अस्पताल में निधन हो गया था। उन्हें 12 दिन पहले ब्रेन स्ट्रोक के बाद गंभीर हालत में भर्ती कराया गया था। झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने अपने एक्स हैंडल पर भी लिखा, “मैं शोकाकुल परिजनों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट करता हूँ। ईश्वर उन्हें इस पीड़ा को सहने की शक्ति प्रदान करें। 55 वर्षीय सोरेन झारखंड सरकार में स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता और निबंधन मंत्री थे। उनका पार्थिव शरीर सुबह 10 बजे दिल्ली से रांची पहुंचने के बाद सीधे विधानसभा परिसर ले जाया गया, जहां उन्हें राजकीय विदाई दी गई। उनका अंतिम संस्कार दोपहर बाद पूर्वी सिंहभूम स्थित उनके पैतृक आवास में होगा। राज्यसभा सांसद महुआ माजी ने कहा कि रामदास सोरेन न सिर्फ झारखंड आंदोलन के समर्पित सिपाही थे, बल्कि उन्होंने अपना पूरा जीवन गरीबों-पिछड़ों के लिए समर्पित कर दिया था। उनके जाने से राज्य और झामुमो में एक बड़ी रिक्तता आई है, जिसे भरना आसान नहीं होगा।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए नीचे लिंक पर क्लिक करें।
https://chat.whatsapp.com/JHqYrWnMsu2KY7RyhHU1DY


