
रांची: झारखंड के जननायक, दिशोम गुरु और पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के निधन से पूरा राज्य शोक में डूब गया है. राजधानी रांची के मोरहाबादी स्थित उनके आवास के बाहर सोमवार रात से ही श्रद्धांजलि देने वालों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी. लोगों की भावनाएं उमड़ पड़ीं और रात भर लोग उनके अंतिम दर्शन के लिए डटे रहे. वही अहले सुबह से ही लोगों का जुटान एक बार फिर से शुरू हो गया है. इसी क्रम में पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन भी गुरुजी के निवास पहुंचे. उन्होंने मौन खड़े होकर गुरुजी को श्रद्धांजलि दी और परिजनों से मुलाकात कर संवेदना प्रकट की. स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी भी गुरुजी के अंतिम दर्शन को पहुंचे. उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि गुरुजी केवल झारखंड नहीं, पूरे देश के लिए आदिवासी समाज के एक महान नायक थे. राष्ट्रपति को चाहिए कि वे उन्हें भारत रत्न देने की घोषणा करें. ऐसे नेता इतिहास में विरले होते हैं. उन्होंने आगे कहा कि हमारे अभिभावक नहीं रहे. अब यह जिम्मेदारी हेमंत सोरेन पर है कि वह गुरुजी की विरासत को आगे ले जाएं. हमें उन पर भरोसा है।


