
गोंडा । उत्तर प्रदेश के गोंडा में दर्दनाक सड़क हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई है. गोंडा के पृथ्वी नाथ मंदिर दर्शन करने जा रही बोलेरो कार अनियंत्रित होकर नहर में गिर गई. मौके पर ही 11 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई और तीन लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है. मृतक थाना मोतीगंज के सिहागांव के निवासी हैं. ये सड़क हादसा इटियाथोक थाना क्षेत्र अंतर्गत बेलवा बहुता रेहरा मोड के पास हुआ है. हादसे में जिनकी मौत हुई हैं, उनमें 5 महिलायें और 6 पुरुष हैं. ड्राइवर की जान बच गई है. भारी बारिश के बीच गोंडा में बोलेरो बेकाबू होकर सरयू नहर में गिर गई. इस हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई, जो अधिकतर एक ही परिवार के हैं. बोलेरो में कुल 15 लोग सवार थे. ये सभी लोग सावन के महीने में पृथ्वीनाथ मंदिर जल चढ़ाने जा रहे थे. मौक़े पर मौजूद लोगों ने बताया कि बोलेरो गाड़ी का गेट नहीं खुल रहा था. लोग अंदर जान बचाने की गुहार लगा रहे थे. कार का शीशा तोड़ कर लोगों को गाड़ी के अंदर से निकाला गया. हादसे का शिकार हुई बोलेरो कार में 15 लोग सवार थे. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद गोंडा में हुए सड़क हादसे का तुरंत संज्ञान लिया. सीएम योगी ने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है. साथ ही घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर जिला प्रशासन के अधिकारियों को उनके समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं. इसके साथ ही घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की है।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए नीचे लिंक पर क्लिक करें।
https://chat.whatsapp.com/JFw1xz8Rrz33p6cdtYJXaT


