
पटना । बिहार के चर्चित गैंगस्टर चंदन मिश्रा हत्याकांड से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है. भोजपुर जिले के आरा में मंगलवार को पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें बलवंत कुमार सिंह और रवि रंजन कुमार सिंह नाम के दो शार्प शूटर गोली लगने से घायल हो गए. जबकि अभिषेक कुमार नाम के तीसरे अपराधी को गिरफ्तार कर लिया गया है. बलवंत और रवि वही शूटर हैं, जो पटना के पारस हॉस्पिटल में चंदन मिश्रा की हत्या के वक्त मौके पर मौजूद थे. पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई. बताया जा रहा है कि दोनों शूटर भोजपुर इलाके में छिपे हुए थे. जब पुलिस टीम वहां पहुंची तो अपराधियों ने उन पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई. मुठभेड़ में रविरंजन सिंह और बलवंत सिंह नाम के दोनों शूटर घायल हो गए, जिन्हें तुरंत आरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है. फिलहाल दोनों को पुलिस की निगरानी में इलाज के लिए रखा गया है. सूत्रों के मुताबिक, इस हत्या की साजिश में बलवंत सिंह की अहम भूमिका सामने आई है. बताया जा रहा है कि बलवंत ही वह शख्स है, जिसने तौसीफ उर्फ बादशाह समेत अन्य शूटरों को 10 पिस्टल मुहैया कराई थी. यही नहीं, वही उन्हें लेकर पटना के पारस हॉस्पिटल भी पहुंचा था, जहां गैंगस्टर चंदन मिश्रा की हत्या की गई थी. जानकारी के अनुसार, इस पूरे मर्डर का मास्टरमाइंड पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जेल में बंद कुख्यात गैंगस्टर शेरू सिंह है. शेरू ने जेल के अंदर से ही पूरी योजना बनाई और बलवंत के जरिए उसे अंजाम तक पहुंचाया. शेरू के इशारे पर ही पांच शूटरों को बुलाया गया था, जिन्हें मिशन पर लगाने से पहले हथियार मुहैया कराए गए. बलवंत की गिरफ्तारी और एनकाउंटर में घायल होने के बाद पुलिस को कई अहम सुराग मिले हैं, जो शेरू और उसके गैंग के खिलाफ कार्रवाई में मददगार साबित हो सकते हैं।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए नीचे लिंक पर क्लिक करें।
https://chat.whatsapp.com/LnzXi8cnQGtKJUUT78UqXz


