
लातेहार । जिले के बालूमाथ थाना क्षेत्र अंतर्गत चमातू कोलियरी परिसर में बीती रात अपराधियों ने जमकर उत्पात मचाया है. अपराधियों ने दो गाड़ियों में आग लगा दी. घटना के बाद जिला एसपी के निर्देश पर पूरे इलाके को सील कर दिया गया है. वहीं, पुलिस टीम द्वारा अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है. दरअसल, बीती रात लगभग 6 की संख्या में अपराधी कोलियरी परिसर में पहुंचे और वहां खड़े एक हाइवा और एक अन्य वाहन में आग लगा दी. इस घटना में दोनों गाड़ियां पूरी तरह जल गई. मौके पर अपराधियों ने वहां उपस्थित लोगों को धमकी भी दी. घटना को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी मौके से फरार हो गए. इसके बाद तुरंत लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी. सूचना मिलने के तुरंत बाद पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर छापेमारी शुरू कर दी. घटना की पुष्टि करते हुए लातेहार एसपी कुमार गौरव ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है. हिंसक घटना को अंजाम देने वाले अपराधियों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस के द्वारा छापेमारी भी की जा रही है. उन्होंने कहा कि किसी भी अपराधी को छोड़ा नहीं जाएगा. बता दें कि अपराधियों के द्वारा पिछले 15 दिनों के अंतराल में तीन अलग-अलग स्थान पर गाड़ियों को फूंकने की घटना को अंजाम दिया गया है. हालांकि पुलिस के द्वारा अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान तेज कर दी गई है. लातेहार पुलिस के द्वारा क्षेत्र में काम कर रहे संवेदक और कारोबारी को भी आश्वासन दिया गया है कि उन्हें पूरी सुरक्षा दी जाएगी. इधर, लातेहार एसपी कुमार गौरव ने भी लातेहार जिले में काम कर रहे सभी कारोबारी, संवेदक तथा अन्य लोगों से अपील की है. उन्होंने कहा कि कि यदि किसी अपराधी या नक्सली के द्वारा उन्हें किसी प्रकार की कोई धमकी दी जाए तो तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दें. पुलिस उन्हें पूरी सुरक्षा देगी. साथ ही ऐसे अपराधियों पर कार्रवाई भी की जाएगी.


