
गिरिडीह । जिले के गावां प्रखंड स्थित अंचल कार्यालय में आज भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने राजस्व कर्मचारी आलोक शंकर त्रिगुणायत को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।सूत्रों के अनुसार, शिकायतकर्ता राजू प्रसाद यादव ने एसीबी धनबाद कार्यालय में एक लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि राजस्व कर्मचारी ने दाखिल-खारिज कार्य के एवज में 50 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी। इसके बाद एसीबी की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया।जैसे ही शिकायतकर्ता ने पहली किस्त के तौर पर 20 हजार रुपये आलोक शंकर त्रिगुणायत को दिए, पहले से तैयार एसीबी
की टीम ने मौके पर पहुंचकर उन्हें रंगे हाथों पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी कर्मचारी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई और मामले की आगे की जांच शुरू कर दी गई है।इस कार्रवाई से सरकारी दफ्तरों में व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ लोगों में एक सकारात्मक संदेश गया है और आम जनता ने एसीबी की तत्परता की सराहना की है।


