पटना । बॉलीवुड अभिनेता पंकज त्रिपाठी के बड़े भाई बिजेंद्र नाथ तिवारी पर लाठियों और डंडों से जानलेवा हमला किया गया। बताया जा रहा है कि यह घटना एक्टर के पैतृक गांव बेलसंड में हुई, जो गोपालगंज जिले के बरौली कस्बे में स्थित माधोपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, इस घटना को आपसी जमीन विवाद और पुरानी रंजिश के चलते अंजाम दिया गया। हमलावरों ने बिजेंद्र नाथ पर धारदार हथियार से हमला किया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस के मुताबिक, आनन-फानन में उन्हें स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी हालत नाजुक बताते हुए बेहतर इलाज के लिए पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल उनकी स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ ही आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन भी किया है। साथ ही मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदिग्धों की तलाश शुरू की। इसी क्रम में सोमवार को पुलिस को बड़ी सफलता मिली। सदर एसडीपीओ-2 राजेश कुमार ने बताया कि इस मामले में मुख्य आरोपी राजेश साह को गिरफ्तार कर लिया गया है। जिसे अब न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। इसके आगे उन्होंने बताया कि परिवारवालों ने अभी तक लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई है। अधिकारी ने कहा कि औपचारिक शिकायत मिलने के बाद पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *