पश्चिम सिंहभूम : जिले के सारंडा क्षेत्र में नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षा बलों ने सोमवार को माओवादियों की बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया। पुलिस की टीम ने टोकलो थाना क्षेत्र के कोटसोना और लांजी के पहाड़ी इलाकों में सघन तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान सुरक्षा बलों ने 16 शक्तिशाली आईईडी बम बरामद किए, जिन्हें बम निरोधक दस्ते ने मौके पर ही निष्क्रिय कर दिया।जानकारी के अनुसार, पुलिस को छह जुलाई को खुफिया जानकारी मिला था कि माओवादी संगठन के शीर्ष नेता सारंडा और कोल्हान क्षेत्र में सक्रिय हैं और सुरक्षा बलों को निशाना बनाने की तैयारी कर रहे हैं। इस सूचना के बाद टोकलो थाना और दलभंगा ओपी के सीमावर्ती जंगलों में संयुक्त सर्च ऑपरेशन चलाया गया।अभियान के दौरान सुरक्षा बलों को पहाड़ी इलाके में दो-दाे किलोग्राम वजन के कुल 16 आईईडी बम छिपाए हुए मिले। माओवादियों ने इन विस्फोटकों को सुरक्षा बलों की आवाजाही को बाधित करने और उन्हें नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से लगाया था। बम निरोधक दस्ते की त्वरित कार्रवाई से सभी बमों को मौके पर ही सुरक्षित रूप से नष्ट कर दिया गया। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि माओवादी गतिविधियों को रोकने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी परिस्थिति में क्षेत्र की शांति भंग नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि इस तरह की साजिशें सुरक्षा बलों के हौसले को कमजोर नहीं कर सकतीं। संयुक्त अभियान दल की सतर्कता और कुशल रणनीति से न केवल एक बड़ी घटना टल गई, बल्कि माओवादियों को करारा जवाब भी दिया गया है। इस मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए नीचे लिंक पर क्लिक करें।

https://chat.whatsapp.com/JHqYrWnMsu2KY7RyhHU1DY

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *