
लातेहार । जिले में स्थित बेतला नेशनल पार्क को आज मंगलवार से तीन महीने के लिए बंद कर दिया गया है. ऐसे में एक जुलाई से 30 सितंबर तक पार्क में पर्यटकों के प्रवेश पर पाबंदी रहेगी. नेशनल टाइगर कंजर्वेशन अथॉरिटी (एनटीसीए ) के निर्देश पर पलामू टाइगर रिजर्व (पीटीआर) में पर्यटकों के प्रवेश पर रोक लगाई गई है. हालांकि पार्क की सुरक्षा और रखरखाव में लगे वनकर्मियों को पार्क में प्रवेश की अनुमति होगी. मॉनसून में वन्य जीवों का प्रजनन काल होता है, इसलिए पीटीआर प्रबंधन द्वारा जुलाई से सितंबर यानी तीन माह के लिए पार्क को आम लोगों के लिए बंद कर दिया जाता है. प्रजनन काल के दौरान पार्क में पर्यटकों का मूवमेंट होने से वन्य जीवों का स्वच्छंद विचरण एवं प्रजनन प्रभावित होता है. प्रजनन में व्यवधान होने पर वन्य जीव हिसंक हो सकते हैं, ऐसे में सुरक्षा के मद्दे नजर तीन महीनों तक यहां नो इंट्री रहती है. बता दें कि एनटीसीए के आदेश पर प्रत्येक वर्ष एक जुलाई से 30 सितंबर तक बेतला पार्क पर्यटकों के लिए बंद कर दिया जात है. हालांकि जानकारी के अभाव में एक जुलाई को भी पर्यटक बेतला नेशनल पार्क पहुंचे, लेकिन उन्हें निराशा हाथ लगी. कई पर्यटकों ने बताया कि उन्हें जानकारी नहीं थी कि एक जुलाई से बेतला नेशनल पार्क बंद हो जाता है. उन्हें यहां से बैरंग लौटना पड़ रहा है. हालांकि बेतला पार्क प्रबंधन ने इस संबंध मे एक नोटिस बेतला के मुख्य द्वार पर चिपकाया है।


