
रांची। रिम्स टू निर्माण को लेकर पूर्व मंत्री बंधु तिर्की ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मिलकर विरोध जताया । वहीं इस विरोध के बयान आने के बाद स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर इरफान अंसारी बिना नाम लिए हुए विरोधियों पर प्रहार किया और कहा के हर हाल में रिम्स टू बनेगा और जो लोग विरोध कर रहे हैं वे बाबूलाल मरांडी के पाठशाला के छात्र हैं। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने रिम्स-2 के निर्माण को लेकर स्पष्ट और दृढ़ संदेश दिया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का सपना मैं पूरा कर रहा हूं। रिम्स-2 स्वास्थ्य क्षेत्र में एक क्रांतिकारी कदम होगा और यह हर हाल में बनेगा।डॉ. अंसारी ने रिम्स अस्पताल पर बढ़ते भार और राज्य के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने के उद्देश्य से रिम्स-2 की आवश्यकता को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि विपक्ष की ओर से फैलाया जा रहा भ्रम और राजनीतिक विरोध सिर्फ जनता को गुमराह करने की साजिश है। डॉ. अंसारी ने तीखा प्रहार करते हुए कहा की जो लोग रिम्स-2 का विरोध कर रहे हैं, वे ‘बाबूलाल मरांडी पाठशाला’ के छात्र हैं और उनकी सोच शुरू से ही झारखंड विरोधी रही है। ऐसे लोगों से जनहित की कोई उम्मीद नहीं की जा सकती। मंत्री ने स्पष्ट किया कि रिम्स-2 का निर्माण किसी भी खेती की जमीन पर नहीं बल्कि सरकारी भूमि पर किया जाएगा, जिससे किसानों और कृषि भूमि पर कोई असर नहीं पड़ेगा। उन्होंने यह भी जोड़ा कि झारखंड एक कृषि प्रधान राज्य है, जहां खेती के लिए पर्याप्त भूमि उपलब्ध है और सरकार किसानों के हितों की पूरी रक्षा कर रही है।मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा ने अपने 18 वर्षों के शासनकाल में स्वास्थ्य के क्षेत्र को पूरी तरह नजरअंदाज किया। आज जब हम दिन-रात मेहनत कर व्यवस्था को सुधारने में लगे हैं, तो ये लोग केवल अड़चनें पैदा कर रहे हैं। यह दुर्भाग्यपूर्ण है। अंत में उन्होंने दो टूक कहा कि रिम्स-2 का निर्माण अब टाला नहीं जा सकता। यह परियोजना झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था को नई ऊंचाई पर ले जाएगी और राज्यवासियों को इलाज के लिए अब बाहर नहीं जाना पड़ेगा।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए नीचे लिंक पर क्लिक करें।
https://chat.whatsapp.com/JHqYrWnMsu2KY7RyhHU1DY


