
पटना । पटना के दानापुर अनुमंडल अंतर्गत नूरपुर चांदमारी में बुधवार रात एक पूर्व सैनिक के घर में भीषण आग लग गई। प्रारंभिक जांच में फ्रिज का कंप्रेसर फटने से आग लगने की बात सामने आई है। हादसे में मां और उसकी दो बेटियां झुलस गईं, जबकि घर का अधिकांश सामान जलकर राख हो गया। घायलों की पहचान सरिता देवी (38), कृति कुमारी (17) और प्रीति कुमारी (15) के रूप में हुई है। तीनों का इलाज खगौल रोड स्थित एक निजी क्लीनिक में चल रहा है। जानकारी के अनुसार, घटना पूर्व सैनिक सतेन्द्र राय के घर में हुई। बुधवार रात घर के ऊपरी तल्ले पर रखे फ्रिज का कंप्रेसर अचानक फट गया, जिससे आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने पूरे कमरे को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कमरे में रखा गैस सिलेंडर भी इसकी चपेट में आ गया, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई। घटना के समय सतेन्द्र राय अपने पुत्र रविनेश के साथ बाजार गए हुए थे। घर में उनकी पत्नी और दोनों बेटियां मौजूद थीं। आग लगते ही तीनों ने बाहर निकलने की कोशिश की, लेकिन इस दौरान वे झुलस गईं। स्थानीय लोगों ने शोर सुनकर मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। आग लगने की सूचना मिलने पर अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। सहायक जिला अग्निशमन पदाधिकारी शशिकांत शर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में फ्रिज के कंप्रेसर में विस्फोट के कारण आग लगने की आशंका है। उन्होंने बताया कि घटनास्थल तक जाने वाला रास्ता काफी संकीर्ण था, जिसके कारण बड़ी दमकल गाड़ियां वहां नहीं पहुंच सकीं। ऐसे में दो छोटी अग्निशमन वाहनों की मदद से आग बुझाने का अभियान चलाया गया। दमकल कर्मियों ने स्थानीय लोगों की सहायता से काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। हालांकि तब तक घर में रखा फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक सामान, कपड़े और अन्य घरेलू सामग्री जलकर नष्ट हो चुकी थी। घटना में तीन लोग घायल हुए हैं और मकान को भारी क्षति पहुंची है। पुलिस एवं अग्निशमन विभाग मामले की जांच कर रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी जांच के बाद आग लगने के कारणों की विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाएगी। स्थानीय लोगों ने इस घटना के बाद घरों में विद्युत उपकरणों की नियमित जांच और सुरक्षा उपायों को लेकर सतर्क रहने की अपील की है।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए नीचे लिंक पर क्लिक करें।
https://chat.whatsapp.com/LnzXi8cnQGtKJUUT78UqXz


