
रांची। भीषण गर्मी झेल रहे झारखंड के लोगों के लिए खुशखबरी है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई इलाकों में बारिश और तेज हवाओं का अपडेट दिया है। मौसम विभाग के अनुसार, झारखंड की राजधानी रांची समेत राज्य में 15 जून से मौसम में बदलाव के आसार हैं। रविवार को दिन में बादल छाने के साथ एक से दो बार बारिश हो सकती है। हालांकि, 16 से 20 जून तक कहीं-कहीं भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान घने बादल भी छाए रहेंगे। 17 और 18 जून को कुछ स्थानों पर भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। उम्मीद जताई जा रही है मौसम में हो रहे इस परिवर्तन के साथ ही मानसून भी झारखंड में प्रवेश कर जाएगा। तेज हवा के साथ कहीं-कहीं वज्रपात की भी आशंका है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में राज्य में उमस वाली गर्मी से राहत मिलेगी। अगले 24 घंटे के दौरान अधिकतम तापमान में बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद अगले चार के बीच अधिकतम तापमान में तीन से पांच डिग्री तक की गिरावट आएगी। इससे प्रचंड गर्मी झेल रहे झारखंड के सभी जिलों के लोगों को राहत मिलने की संभावना है। मौसम विभाग का मानना है कि मौसम में आने वाले इस बदलाव के साथ ही मॉनसून एंट्री झारखंड में हो जाएगी। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार राज्य में शनिवार को उमस भरी गर्मी से लोग परेशान रहे। रांची समेत विभिन्न जिलों के तापमान में पिछले 24 घंटों की तुलना में एक से दो डिग्री तक की वृद्धि हुई है। रांची का अधिकतम पारा 36.5 डिग्री और न्यूनतम 24.4 डिग्री दर्ज किया गया। अब मौसम विभाग ने जो अपडेट दिया है, इसके बाद प्रदेश के तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी। क्योंकि अब झारखंड में मॉनसूनी बारिश की शुरुआत होने वाली है।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए नीचे लिंक पर क्लिक करें।
https://chat.whatsapp.com/JHqYrWnMsu2KY7RyhHU1DY
