
लातेहार । लातेहार में सदर थाना क्षेत्र के परसही पंचायत के भगन टोला में एक महिला की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। मंगलवार सुबह महिला का शव मिला तो लोगों ने पुलिस को सूचना दी। शव के पास ही खाने के बर्तन मिले हैं। मृतका की पहचान 28 वर्षीय सुलेखा देवी के रूप में हुई है। वह मंगरा उरांव की पुत्री थी। मृतका का पति फिलहाल फरार है। आशंका जताई जा रही है कि सुलेखा की हत्या उसके पति ने ही की है। सुलेखा की शादी गौरीखाड़ रिचूघुटा के सत्येंद्र उरांव से हुई थी। हालांकि वह अपने मायके भगन टोला में ही रहती थी। मंगलवार सुबह स्थानीय लोगों ने सुलेखा का शव उसके घर से 200 मीटर दूर एक खेत में देखा। घटनास्थल पर एक चटाई बिछी हुई थी, जिस पर खाना खाने का बर्तन रखा हुआ था। सदर थाना प्रभारी सुरेंद्र कुमार महतो ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह पारिवारिक विवाद का मामला लग रहा है। पुलिस को पति द्वारा हत्या किए जाने की आशंका है। मृतका के दो छोटे बच्चे हैं। पुलिस शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज मामले की जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल की जांच से यह अनुमान लगाया जा रहा है कि महिला किसी को खाना खिलाने गई थी। खाना खाने के बाद उसके सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस हत्या के कारणों की जांच कर रही है।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए नीचे लिंक पर क्लिक करें।
https://chat.whatsapp.com/JHqYrWnMsu2KY7RyhHU1DY


