रांची । राजधानी के हिंदपीढ़ी इलाके से रहस्यमय तरीके से गायब हुई दो नाबालिग लड़कियां कर्नाटक से बरामद कर ली गई हैं. रांची पुलिस सूत्रों ने इसकी पुष्टि की है. दोनों लड़कियां सुरक्षित हैं और उन्हें पुलिस की टीम रांची लेकर लौट रही है. हिंदपीढ़ी की रहने वाली दोनों नाबालिग लड़कियां 11 जनवरी की शाम से गायब थी. परिजनों ने अपहरण की आशंका जताते हुए थाने में एफआईआर दर्ज कराई थी. अज्ञात ऑटो चालकों पर मामला दर्ज किया गया था. मामले की गंभीरता को देखते हुए आईजी रांची ने एक स्पेशल टीम का गठन कर दोनों गायब लड़कियों को जल्द से जल्द ढूंढ लाने का टास्क दिया था. टेक्निकल सेल की मदद से रांची पुलिस को यह सूचना मिली कि दोनों लड़कियां कर्नाटक में हैं. इसके बाद पुलिस की एक टीम ने कर्नाटक पुलिस की सहायता से दोनों को बरामद कर लिया. दोनों लड़कियों का अपहरण हुआ था या फिर मामला कुछ और है यह उनके रांची आने के बाद पुलिस के द्वारा खुलासा किया जाएगा. लड़कियों के गायब होने के मामले ने राजधानी में तूल पकड़ लिया था, जबकि पुलिस बार-बार लोगों को यह भरोसा दिला रही थी कि दोनों लड़कियों का सुराग हासिल हो चुका है जल्द ही दोनों बरामद कर ली जाएंगी. मंगलवार को राज्य सरकार के मंत्री इरफान अंसारी भी लड़कियों के परिजनों से मिलने के लिए पहुंचे थे‌।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए नीचे लिंक पर क्लिक करें।

https://chat.whatsapp.com/LnzXi8cnQGtKJUUT78UqXz

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *