
रांची। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार को राज्य की 56 लाख से भी अधिक महिलाओं के बैंक अकाउंट में ‘मंईयां सम्मान योजना’ के तहत दिसंबर महीने की किस्त के रूप में ढाई-ढाई हजार रुपए की राशि ट्रांसफर की। इस अवसर पर रांची के नामकुम खोजाटोली ग्राउंड में एक वृहद् कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें पूरे राज्य से करीब दो लाख महिलाएं मौजूद रहीं। सीएम सोरेन ने महिलाओं से संवाद करते हुए कहा, ”यह राशि आपको आर्थिक तौर पर स्वावलंबी बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। हमारी सरकार ने चुनाव के पहले जो संकल्प लिया था, उसे पूरा करते हुए आज हमें बेहद खुशी हो रही है।” बताया गया कि सीएम ने रिमोट का बटन दबाकर राज्य की कुल 56 लाख 61 हजार 791 महिलाओं के बैंक खाते में कुल 1,415 करोड़ 44 लाख 77 हजार 500 रुपए की राशि ट्रांसफर की। पांच महीने पहले जब यह योजना शुरू हुई थी तब महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपए दिए जा रहे थे, लेकिन चुनाव के ऐलान के ठीक पहले सरकार ने कैबिनेट में यह राशि बढ़ाकर ढाई हजार करने की स्वीकृति दी थी।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए नीचे लिंक पर क्लिक करें।
https://chat.whatsapp.com/JFw1xz8Rrz33p6cdtYJXaT


