Wednesday, July 3, 2024

प्रभात मंत्र

Breaking News

आरोप लगने के आठ घंटे बाद पद से हटाये गये प्रधान सचिव अरुण एक्का

05 Mar 2023


प्रभात मंत्र (रांची)। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रधान सचिव रहे राजीव अरुण एक्का को उनके पद से हटा कर पंचायती राज विभाग का प्रधान सचिव नियुक्त किया है। बता दें कि रविवार 5 मार्च 2023 को ही पूर्व मुख्यमंत्री व भाजपा विधायक बाबूलाल मरांडी ने राजीव अरुण एक्का का वीडियो जारी किया था।इस आरोप के बाद झारखंड सरकार ने यह फैसला लिया है। बाबूलाल मरांडी ने गृह, आपदा प्रबंधन, कारा के प्रधान सचिव राजीव अरूण एक्का को तत्काल हटाए जाने की मांग राज्य सरकार से की थी। पार्टी कार्यालय में में उन्होंने एक फुटेज जारी करते हुए कहा कि पिछले दिनों ईडी की रडार पर आए दलाल विशाल चौधरी के कार्यालय में बैठकर सीएम के प्रधान सचिव और गृह जैसे महत्वपूर्ण विभाग के सचिव सरकारी फाइल डील कर रहे हैं।

चौधरी के कार्यालय की कोई महिला स्टाफ उनके पास खडी़ होकर फाइल दिखा रही। इस दौरान विशाल की आवाज गूंज रही है, जिसमें पैसे आने नहीं की बात सुनाई दे रही है। इतने महत्वपूर्ण पदाधिकारी का एक दलाल के कार्यालय में बैठकर सरकारी फाइलों की डील करना शर्मनाक है। बाबूलाल ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को तत्काल अपने प्रधान सचिव को हटाने, उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने तथा गिरफ्तार किए जाने की मांग की।

पहली बार आरोप लगते किसी पदाधिकारी को हटाया गया।

ऐसा पहली बार देखा और सुना गया कि प्रतिपक्ष के किसी विधायक ने सरकार के बड़े अधिकारी पर आरोप लगाया और आरोप लगाये जाने आठ घंटे के बाद उनके पद से हटाकर दूसरे पद पर नियुक्त किया गया हो।