Wednesday, July 3, 2024

प्रभात मंत्र

Breaking News

झारखण्ड हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश बने संजय कुमार मिश्रा

20 Feb 2023


रांची। मुख्य न्यायाधीश संजय कुमार मिश्रा को सोमवार को राजभवन के बिरसा मंडप में करीब 11:06 बजे राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके साथ ही वे झारखंड के 14वें मुख्य न्यायाधीश बन गए। शपथ ग्रहण से पूर्व मुख्य सचिव सुखदेव सिंह ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा मुख्य न्यायाधीश संजय कुमार मिश्रा को झारखंड हाई कोर्ट का मुख्य न्यायाधीश की नियुक्ति संबंधी वारंट को हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में पढ़कर सुनाया गया। इस अवसर पर झारखंड हाई कोर्ट के जज, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री मिथिलेश ठाकुर, झारखंड हाईकोर्ट के महाधिवक्ता राजीव रंजन, राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश , डा महुआ माजी, झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रबिंद्रनाथ महतो सहित मुख्य सचिव सुखदेव सिंह , आईजी पंकज कंपोज, डीआईजी अनीश गुप्ता, वरीय पुलिस अधीक्षक किशोर कौशल, ग्रामीण एसपी नौशाद आलम , ट्रैफिक डीएसपी जीतवाहन उरांव आदि उपस्थित थे।

न्यायाधीश संजय मिश्रा-परिचय

मुख्य न्यायाधीश संजय मिश्रा का जन्म पिता मारकंडा मिश्रा व माता ज्योतिर्मयी मिश्रा के यहां हुआ था। स्कूली शिक्षा टिकरा अपर प्राइमरी स्कूल में की है। वर्ष 1977 में पृथ्वीराज हाई स्कूल, बोलांगीर से हायर सेकेंडरी सर्टिफिकेट परीक्षा उत्तीर्ण की। 1982 में बोलनगीर के राजेंद्र कॉलेज से बीकॉम (ऑनर्स), एमकॉम 1984 में दिल्ली विश्वविद्यालय और एलएलबी की पढ़ाई 1987 में विधि संकाय दिल्ली विश्वविद्यालय से पूरा की।उल्लेखनीय है कि सरकार के विधि एवं न्याय मंत्रालय की ओर से न्यायधीश संजय कुमार मिश्रा को झारखंड हाई कोर्ट का नया मुख्य न्यायाधीश बनाए जाने की अधिसूचना बीते शुक्रवार को जारी की गई थी। इससे पहले सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने 13 दिसंबर 2022 को न्यायधीश संजय कुमार मिश्रा के नाम की अनुशंसा झारखंड हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के लिए केंद्र सरकार से की थी। झारखंड हाई कोर्ट में 20 दिसंबर से मुख्य न्यायाधीश का पद रिक्त था।

क्या कहा मुख्यमंत्री ने

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि झारखंड राज्य को नया मुख्य न्यायाधीश संजय कुमार मिश्रा के रूप में मिल गया है। जैसा कि हम सभी जानते हैं कि झारखंड आदिवासी बहुल क्षेत्र है, अल्पसंख्यक व पीछड़ो की संख्या यहां अधिक है, ऐसे लोगों के मामले भी न्यायालय में लंबित रहते हैं, न्याय मिलने के कयास लगाए रहते हैं।अब न्यायाधीश संजय कुमार मिश्रा के आने से झारखंड के आदिवासियों, अल्पसंख्यकों, दलितों, पिछड़ों को समय पर न्याय मिल सकेगा ऐसी उम्मीद की जा सकती है।