झारखंड में पिछले कुछ दिनों से पूरे राज्य में बारिश हो रही थी, हालांकि गुरुवार को बारिश थम गई है। अनुमान है कि 7 अक्टूबर से आसमान साफ हो जाएगा। 7 अक्टूबर को राज्य के उत्तर-पूर्वी हिस्से यानी देवघर, दुमका, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, गिरिडीह, साहेबगंज में कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ हल्की व मध्यम दर्जे की वर्षा होने की संभावना है। 8 और 9 अक्टूबर को भी राजधानी रांची समेत आसपास के जिलों में वर्षा होने की संभावना है।मौसम विज्ञान केंद्र रांची के पूर्वानुमान की माने तो राज्य से मानसून की विदाई 12 से 13 अक्टूबर तक होगी, लेकिन गत दिनों बंगाल की खाड़ी से उठे साइक्लोनिक सर्कुलेशन का असर पिछले चार पांच दिनों से पूरे राज्य में देखा जा रहा है। ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि मानसून तय समयसीमा से दो तीन दिनों की देरी से लौटेगा। 

दुर्गा पूजा में बारिश की संभावना 
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद बताते हैं कि मानसून की वापसी में दो तीन दिनों की देरी भी होगी तो दुर्गा पूजा में वर्षा होने की संभावना कम ही है। हालांकि तापमान में गिरावट जरूर दर्ज की जाएगी। बताया कि सुबह और शाम तापमान में 4 से 5 डिग्री तक की गिरावट होगी। बता दें कि मानसून ने विदाई की बेला में जबरदस्त तरीके से अपनी उपस्थिति दिखाई है। साइक्लोनिक सर्कुलेशन का असर पूरे राज्य में दिखा। इसका असर 9 अक्टूबर तक पूरे राज्य में देखने को मिलेगा। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, पिछले एक सप्ताह के दौरान पूरे राज्य में कहीं 70 तो कहीं 150 मिमी वर्षा हुई है। 

विदाई के वक्त मानसून सक्रिय रहा 
पिछले 24 घंटे के मौसम की बात करें तो पूरे राज्य में हल्की व मध्यम दर्जे की वर्षा हुई है। पूरे राज्य में मानसून अत्यधिक सक्रिय रहा। सबसे अधिक वर्षा 175.8 मिमी गोड्डा के सुंदरपहाड़ी में रिकॉर्ड की गई है, जबकि सबसे अधिक तापमान 30.8 डिग्री गढ़वा का और सबसे कम तापमान 22 डिग्री रांची में दर्ज किया गया। अगले तीन दिनों तक कहीं-कहीं हल्की वर्षा होने के साथ साथ 9 अक्टूबर को राज्य के विभिन्न हिस्सों में मानसून सक्रिय रहने की उम्मीद है। 6 अक्टूबर को राज्य में कुछेक जगहों पर वर्षा होने का अनुमान है। इस दौरान सामान्यतः बादल छाए रहेंगे और हल्की वर्षा की संभावना है, जबकि राजधानी का अधिकतम तापमान 29 से 30 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए नीचे लिंक पर क्लिक करें।

https://chat.whatsapp.com/JFw1xz8Rrz33p6cdtYJXaT

सार- दी फॉलोअप

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *