पलामू। जिले के छतरपुर थाना क्षेत्र के बगैया गांव स्थित बंद खदान के तालाबनुमा गड्ढे से बुधवार को एक महिला और उसके डेढ़ वर्षीय बेटे का शव मिला। महिला की पहचान बगैया गांव की कुसमी देवी (22) के रूप में हुई है। उसके डेढ़ वर्षीय बेटे का नाम आदित्य कुमार था। घटना के पीछे घरेलू विवाद बताया जा रहा है। पुलिस मृतका के पति को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

बताया जाता है कि कुसमी देवी मंगलवार रात डेढ़ वर्षीय बेटे को लेकर घर से निकल गई। बुधवार की सुबह लोगों ने महिला और उसके बच्चे का शव देखा। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकाला। सूचना मिलने पर कुसमी के पिता नागदेव यादव भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बेटी और नाती की मौत को हत्या करार दिया। साथ ही कहा कि दहेज के रूप में सोने का चेन नहीं मिलने से उसके दामाद नाराज थे और इसी कारण से लगातार उसकी बेटी को प्रताड़ित किया जा रहा था। अंततः उसकी बेटी और नाती की हत्या कर दी गई और फिर घटना को आत्महत्या साबित करने के लिए शव को घर से सटे माइंस के तालाबनुमा गड्ढे में फेंक दिया।

बताया जाता है कि कुसमी देवी के साथ उसके पति और सास ससुर के साथ घरेलू विवाद चल रहा था। कई बार कुसमी के साथ मारपीट भी की गई थी। मामले में सुलह भी करने का प्रयास किया गया था लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। बताया जाता है कि जिस तालाब नुमा गड्ढे में कूद कर कुसमी देवी ने बेटे के साथ आत्महत्या की वहां अवैध पत्थर खनन उसके ससुराल वालों ने किया था। दोनों शवों का पोस्टमार्टम एमआरएमसीएच मेदिनीनगर में किया गया। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *