
पलामू । जिले के छतरपुर थाना क्षेत्र में पारा शिक्षक उदय कुमार सिंह हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पुलिस ने मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी से पूछताछ के क्रम में हत्या के पीछे की वजह सामने आई है. एसडीपीओ प्रशांत कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले की विस्तृत जानकारी दी. एसडीपीओ ने बताया कि आरोपी भी पारा शिक्षक है और वह छतरपुर थाना क्षेत्र के दारूदाग के स्कूल में पदस्थापित है. आरोपी का नाम सुरेंद्र यादव है. पुलिस के अनुसार उदय कुमार सिंह और सुरेंद्र यादव के बीच दोस्ती थी. पारा शिक्षक उदय कुमार सिंह ने सुरेंद्र यादव को 25 हजार रुपये कर्ज दिया था. बाद में उदय कुमार सिंह 25 हजार के बदले 50 हजार रुपये मांगने लगा. पैसे के विवाद में कर्ज लेने वाले पारा शिक्षक सुरेंद्र यादव ने उदय कुमार सिंह की गर्दन काट कर हत्या कर दी. पुलिस ने मामले में छानबीन के बाद आरोपी पारा शिक्षक सुरेंद्र यादव को गिरफ्तार कर लिया है. छत्तरपुर एसडीपीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि घटना से एक सप्ताह पहले उदय कुमार सिंह ने सुरेंद्र यादव के साथ धक्का-मुक्की और गाली-गलौज की थी. इसी बात से आहत होकर सुरेंद्र यादव ने उदय कुमार सिंह की हत्या की साजिश रची. घटना के दिन पारा शिक्षक उदय कुमार सिंह बाजार से सामान खरीद कर जा रहा था. इसी क्रम में सुरेंद्र यादव ने उसे बुलाया था और पहले उसे बीयर पिलाई. इसके बाद उदय कुमार सिंह की सुरेंद्र यादव ने गला काटकर हत्या कर दी।


