लातेहार । बालूमाथ थाना क्षेत्र अंतर्गत बालू पंचायत के कलकलिया टोला में एक युवक की गोली मारकर हत्या किए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान कलकलिया निवासी 42 वर्षीय रामेश्वर उरांव, पिता मनते उरांव के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में मातम और दहशत का माहौल है।प्राप्त जानकारी के अनुसार रामेश्वर उरांव शुक्रवार रात खाना खाने के बाद गांव के कुछ लोगों के साथ जंगल में शिकार खेलने गया था। देर रात तक घर नहीं लौटने पर स्वजनों को चिंता हुई। इसी बीच पंचायत के मुखिया पति संतु उरांव को गांव के ही बलदेव उरांव का फोन आया। फोन पर उसने बताया कि गलती से गोली चल गई है और एक व्यक्ति को गोली लग गई है। इतना कहने के बाद उसका मोबाइल बंद हो गया। फोन मिलने के बाद स्वजन, ग्रामीण और पुलिस युवक की तलाश में जंगल की ओर निकले। काफी खोजबीन के बाद गांव के समीप जंगल में एक महुआ पेड़ के नीचे रामेश्वर उरांव का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला। युवक की छाती में गोली लगी थी, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई थी। घटना की सूचना मिलते ही बालूमाथ थाना प्रभारी अमित कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए लातेहार सदर अस्पताल भेज दिया है। थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया युवक की मौत गोली लगने से हुई है। घटना दुर्घटना है या साजिश के तहत हत्या, पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। मामले में शामिल लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।घटना के बाद पूरे इलाके में चर्चा का माहौल है। ग्रामीणों ने दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *