खूंटी । जिले के मुरहू थाना क्षेत्र में रविवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जहां तेज रफ्तार थार पुल की रेलिंग तोड़ते हुए करीब 20 फीट नीचे जा गिरी। हादसे में एक महिला समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें तीन की हालत नाजुक बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, हादसा रांची-चाईबासा मुख्य मार्ग पर बिंदा और सांडीगांव के बीच हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि थार काफी तेज गति में थी। पुल के मोड़ और खराब सड़क के कारण चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद गाड़ी सीधे रेलिंग तोड़कर नीचे गिर गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और दो लोग अंदर ही फंस गए। घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस की मदद से राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया। काफी मशक्कत के बाद सभी घायलों को बाहर निकाला गया। पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए खूंटी सदर अस्पताल पहुंचाया है। डॉक्टरों के अनुसार, चारों घायल फिलहाल बेहोश हैं, जिस कारण उनकी पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस वाहन नंबर के आधार पर उनकी पहचान में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *