
रोहतास। सासाराम रेलवे स्टेशन पर आज (सोमवार, 18 मई) की सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब प्लेटफार्म नंबर 6 पर खड़ी पटना जाने वाली ट्रेन संख्या 53212 की एक बोगी में अचानक आग लग गई. बताया जा रहा है कि सासाराम जंक्शन में सुबह में पौने सात बजे सासाराम से पटना को जाने वाली ट्रेन संख्या 53212 सासाराम-पटना इंटरसिटी एक्सप्रेस में अचानक से आग लग गई. आग लगने का कारण शॉट सर्किंट बताया जा रहा है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रेन की बी-3 बोगी के लैट्रिन से पहले धुआं निकलता दिखाई दिया. इसके कुछ ही देर में आग की लपटें उठने लगीं. आग लगने से बोगी के अंदर भगदड़ मच गई. ट्रेन में सवार यात्री अपनी जान बचाने के लिए कूद-कूदकर भागने लगे. वहीं घटना की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन और सुरक्षा बल मौके पर पहुंचे. तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया. रेलवे कर्मियों की ओर से आनन-फानन में यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला और पूरे प्लेटफार्म को खाली कराया गया. बताया जा रहा है कि जब तक आग को पूरी तरह से काबू पाया जाता, तब तक ट्रेन की पांचवीं बोगी जलकर पूरी तरह राख हो गई थी. रेलवे कर्मचारियों की ओर से आग वाली बोगी को ट्रेन से काटकर अलग कर दिया गया है, जिससे आग किसी और बोगी तक ना पहुंच सके. यात्रियों की परेशानियों को देखते हुए प्लेटफार्म नंबर-7 पर खड़ी सासाराम-आरा सवारी गाड़ी को निर्धारित समय से खोला गया, जिससे कि यात्री समय से गंतव्य को जा सकें. इस पूरी घटना के दौरान रेलवे कर्मचारियों और सुरक्षा बल की मुस्तैदी ने बड़ी घटना होने से बचा लिया।


