
मुर्शिदाबाद: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले फेज की वोटिंग जारी है। इस बीच मुर्शिदाबाद जिले के नौदा इलाके में हिंसा की घटना सामने आई है। जहां मतदान के बीच कुछ अज्ञात लोगों ने कथित तौर पर देसी बम फेंक दिया। इस हमले से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और कई लोग घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद घायलों को नजदीकी अस्पतालों और मेडिकल सेंटरों में भर्ती कराया गया। हालांकि, घायलों की सटीक संख्या और उनकी स्थिति को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। न्यूज एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, धमाका उस समय हुआ जब बड़ी संख्या में लोग मतदान केंद्र के आसपास मौजूद थे। अचानक हुए इस हमले से मतदाताओं और स्थानीय निवासियों में दहशत फैल गई। कई लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा बल मौके पर पहुंच गए और पूरे इलाके को घेर लिया। हालात को नियंत्रण में लाने के लिए अतिरिक्त बल भी तैनात किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि हमले के पीछे शामिल लोगों की पहचान के लिए तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया है। वहीं इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। प्रशासन ने शांति बनाए रखने की अपील की है।


