चतरा जिले के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत भोज्या गांव में तालाब में डूबने से मां और दो मासूम बेटियों की दर्दनाक मौत के बाद एक और संवेदनहीन मामला सामने आया है. मृतकों के परिजनों से पोस्टमार्टम के बदले पांच हजार रुपये की अवैध वसूली हुई है. सदर अस्पताल के स्विपर नें ढाई हजार नगद और ढाई हजार रुपये ऑनलाइन वसूले हैं. मामले संज्ञान में आने के बाद जिला प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है. परिजनों की शिकायत पर डीसी रवि आनंद ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच के आदेश दिए हैं. सिविल सर्जन सत्येंद्र सिंहा ने प्रारंभिक जांच में आरोपों की पुष्टि भी कर दी है. डीसी रवि आनंद ने बताया कि सदर अस्पताल के एक स्विपर द्वारा परिजनों से अवैध राशि की वसूली की गई है. मामले में जांच की जा रही है. सिविल सर्जन के नेतृत्व में तीन सदस्यीय जांच कमेटी का गठन किया गया है, जिसमें सदर अस्पताल के उपाधीक्षक और अस्पताल प्रबंधक को भी शामिल किया गया है. डीसी ने कमेटी को 24 घंटे के भीतर विस्तृत जांच रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है. रिपोर्ट के आधार पर आरोपी स्विपर को बर्खास्त करने के साथ-साथ इस मामले में शामिल अन्य स्वास्थ्य कर्मियों की भी पहचान कर उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की जाएगी. डीसी रवि आनंद ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि शव के पोस्टमार्टम के बदले पीड़ित परिवार से अवैध राशि की वसूली किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी. इस घृणित कार्य में शामिल सभी लोगों को चिन्हित कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए बर्खास्तगी और प्राथमिकी दर्ज करने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं. उन्होंने कहा कि प्रशासन ऐसे अमानवीय कृत्य को लेकर जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत काम करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *