मेदिनीनगर । पलामू जिले के मेदिनीनगर शहर व चैनपुर में 16 जनवरी को हुए दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करने का दावा करते हुए बताया कि मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ करने के बाद मंगलवार को जेल भेज दिया गया है। गिरफ्तार आरोपी चैनपुर थाना क्षेत्र के कल्याणपुर निवासी चुनमुन चौधरी उर्फ अजीत चौधरी ने साथी से 1300 रुपये लूटने के लिए उसकी हत्या कर दी। बाद में लूट की राशि में बंटवारा में विवाद होने उसने दूसरे साथी की भी हत्या कर दी थी। पलामू की एसपी रीष्मा रमेशन ने मंगलवार को बताया कि 16 जनवरी को चैनपुर थाना क्षेत्र के गुरहा गांव स्थित रैनीबांध के पास एक अधजला शव बरामद हुआ था। जांच में शव की पहचान शहर थाना क्षेत्र के आबादगंज मोहल्ले में मिशन स्कूल रोड निवासी शंकर राम के रूप में की गई। इसी दिन शहर थाना क्षेत्र के डालटनगंज रेलवे स्टेशन के पास से एक अन्य युवक का शव बरामद हुआ था, जिसका सिर पत्थर से कुचल दिया गया था। उसे करीवा उर्फ छोटू के नाम से जाना जाता था, हालांकि उसकी औपचारिक पहचान अब तक नहीं हो पाई है। दोनों मामलों में चैनपुर एवं शहर थाना में अलग-अलग प्राथमिकी हुई है। एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ राजीव रंजन के नेतृत्व में गठित विशेष टीम का गठन किया गया है। जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्य और गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 15 जनवरी की शाम में वह मजदूरी के बाद शंकर राम और करीवा के साथ शराब पी रहा था। इसी दौरान उसे शंकर के पास 1300 रुपये होने की जानकारी मिली। लालच में आकर उसने करीवा के साथ मिलकर शंकर को सुनसान स्थान पर ले जाकर लूटपाट की और पत्थर से सिर कुचलकर उसकी हत्या कर दी। पहचान छिपाने के लिए शव को जलाने की कोशिश भी की गई। घटना के बाद पैसों के बंटवारे को लेकर विवाद होने पर आरोपी ने करीवा को भी उसी तरह हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी के पास से मृतक का पर्स, आधार कार्ड और फोटो जब्त किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *