
रांची। पूर्व सांसद फुरकान अंसारी ने जारी अपने बयान में बांग्लादेश में नई सरकार के गठन पर वहां की जनता और नव-निर्वाचित प्रधानमंत्री तारीक रहमान को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि बांग्लादेश की जागरूक जनता ने लोकतंत्र पर अपना भरोसा मजबूत तरीके से दिखाया है और साफ कर दिया है कि सांप्रदायिक ताकतों के लिए वहां कोई जगह नहीं है।फुरकान अंसारी ने कहा कि इस चुनाव में जमाते इस्लामी को जनता ने पूरी तरह नकार दिया है। उनकी करारी हार यह साबित करती है कि बांग्लादेश के लोग नफरत और कट्टरता की राजनीति को पसंद नहीं करते। वहां के मतदाताओं ने साफ तौर पर विकास, शांति और भाईचारे के पक्ष में वोट दिया है।उन्होंने यह भी कहा कि कई हिंदू प्रत्याशियों की जीत यह स्पष्ट संदेश देती है कि बांग्लादेश की जनता धर्म से ऊपर उठकर योग्य उम्मीदवारों और समावेशी राजनीति को प्राथमिकता दे रही है। इससे यह साबित होता है कि वहां के लोगों के लिए देश की भाषा, संस्कृति और सामाजिक सौहार्द सबसे ऊपर है।फुरकान अंसारी ने कहा कि भारत से भी कई बड़े नेता शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने जा रहे हैं। इससे दोनों देशों के बीच मजबूत रिश्तों, आपसी भरोसे और क्षेत्र में शांति व सहयोग का सकारात्मक संदेश जा रहा है।उन्होंने उम्मीद जताई कि नई सरकार के नेतृत्व में बांग्लादेश विकास और स्थिरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ेगा और पूरे क्षेत्र में भाईचारा और सहयोग और मजबूत होगा।अंत में उन्होंने बांग्लादेश की जनता को उनके समझदारी भरे लोकतांत्रिक फैसले के लिए बधाई दी और कहा कि यह जनादेश अमन, तरक्की और भाईचारे की जीत है।


