रांची। झारखंड की राजधानी रांची के पॉश इलाके डोरंडा में मंगलवार को एक शर्मनाक घटना सामने आई. मामूली विवाद के बाद एक मर्सिडीज कार सवार ने न सिर्फ एक युवक को टक्कर मारी, बल्कि उसे अपनी कार की बोनट पर लटकाकर कई किलोमीटर तक शहर की सड़कों पर घुमाया. इस दौरान युवक अपनी जान बचाने के लिए चीख-चिल्ला रहा था, लेकिन आरोपी का दिल नहीं पसीजा. रास्ते में जब होमगार्ड के जवानों ने इस नजारे को देखा और कार रोकने का इशारा किया. आरोपी ने जवानों पर भी कार चढ़ाने की कोशिश की. जवान बाल-बाल बचे, लेकिन कार वहीं नहीं रुकी. आरोपी ने युवक को सड़क पर नहीं छोड़ा, बल्कि बोनट पर लटकाए हुए सीधे अपने घर ले गया. वहां युवक को कार से उतारकर बंधक बनाया और जमकर मारपीट की. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी के ठिकाने तक पीछा किया. त्वरित कार्रवाई में पुलिस ने बंधक बनाए गए युवक को सुरक्षित बाहर निकाला. युवक काफी डरा हुआ और चोटिल बताया जा रहा है. पुलिस ने आरोपी ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है. जानकारी मिली है कि आरोपी पेशे से वकील है. साथ ही, घटना में इस्तेमाल की गई लग्जरी मर्सिडीज कार को भी जब्त कर थाने ले जाया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *