जमशेदपुर: कीनन स्टेडियम में रविवार को खेले गए रोमांचक मुकाबले में दलमा इलेवन ने जुबली इलेवन को 14 रनों से पराजित कर दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए दलमा इलेवन ने निर्धारित ओवरों में 2 विकेट पर 150 रन बनाए। टीम की ओर से बुलंद इकबाल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 43 गेंदों पर 66 रन जड़े, जबकि अमित केसरी ने 18 गेंदों में 32 रनों की तेज पारी खेली। लक्ष्य का पीछा करने उतरी जुबली इलेवन 15 ओवर में 136 रन ही बना सकी। चाणक्य ने 37 गेंदों पर 50 रन और कुंवर हेंब्रम ने 29 रनों का योगदान दिया, लेकिन टीम लक्ष्य से पीछे रह गई। शानदार प्रदर्शन के लिए बुलंद इकबाल को मैन ऑफ द मैच चुना गया। वहीं स्थानीय मैदान पर खेले गए दूसरे मुकाबले में दोमुहानी ने कालीमाटी इलेवन को 11.2 ओवर में 9 विकेट से हराकर एकतरफा जीत दर्ज की। पहले बल्लेबाजी करते हुए कालीमाटी इलेवन ने 4 विकेट पर 109 रन बनाए। रत्नेश तिवारी (33) और रोहित (32) ने उपयोगी पारियां खेलीं। जवाब में दोमुहानी ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए लक्ष्य आसानी से हासिल कर लिया। शुभदर्शी ने 28 गेंदों पर 50 रन और आशुतोष ने 38 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई। शुभदर्शी को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *