
भीलवाड़ा । राजस्थान के भीलवाड़ा जिले से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। गंगापुर थाना क्षेत्र के आलोली गांव में एक महिला सहित चार लोगों की तरल पदार्थ पीने से मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतकों ने बर्तन साफ करने वाला तरल पदार्थ शराब समझकर पी लिया था, जिससे उनकी तबीयत बिगड़ गई और बाद में जान चली गई। मृतक तीन दिन पहले एक शादी समारोह में बर्तन साफ करने का काम ठेके पर लेकर आए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वे बर्तन धोने में उपयोग होने वाला तरल पदार्थ अपने साथ घर ले आए। घर पहुंचने पर उन्होंने उसे शराब समझकर पी लिया। तरल पदार्थ का सेवन करने के कुछ समय बाद ही सभी की हालत बिगड़ने लगी। देर रात तीन लोगों को गंगापुर अस्पताल लाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना में एक महिला की हालत गंभीर होने पर उसे भीलवाड़ा जिला चिकित्सालय रेफर किया गया। वहां उपचार के दौरान उसकी भी मृत्यु हो गई। पुलिस ने तीन शवों को गंगापुर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है, जबकि एक का पोस्टमार्टम भीलवाड़ा जिला चिकित्सालय में किया जा रहा है। मामले की जांच जारी है। घटना की सूचना मिलते ही जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। अधिकारियों ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मृतकों की पहचान रतन पुत्र मसरिया कंजर निवासी माधोपुर, सुशीला देवी, जमनी देवी पत्नी शंकर कंजर और बदामी देवी कंजर के रूप में हुई है। इस घटना के बाद गांव में शोक की लहर है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि तरल पदार्थ घर तक कैसे पहुंचा और किन परिस्थितियों में उसका सेवन किया गया।


