
जमशेदपुर । जमशेदपुर के गोलमुरी थाना से सटे प्ले ग्राउंड में बुधवार को एक युवक कन्हैया यादव को अज्ञात अपराधियों ने गोली मार दी। इस घटना में कन्हैया यादव की इलाज के दौरान मौत हो गई। कन्हैया यादव के साथ मौजूद रंजीत शर्मा ने बताया कि वे रोज की तरह पार्क से टहल कर निकल रहे थे। तभी पहले से घात लगाए बैठे तीन अपराधियों ने कन्हैया यादव पर फायरिंग कर दी। कन्हैया यादव फल का व्यवसाय करता था और उसे कुल तीन गोलियां लगी थीं। यह घटना गोलमुरी थाना से महज 10 कदम की दूरी पर हुई। गोली चलने के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गई। किसी ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद गोलमुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी। इधर, घायल को अस्पताल पहुंचाया गया। जहां इलाज के क्रम में उनकी मौत हो गई। पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया है कि अपराधी वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए हैं। उनकी पहचान और तलाश के लिए सीसीटीवी फुटेज की मदद ली जा रही है। पुलिस ने घटनास्थल से आवश्यक सबूत भी एकत्रित किए हैं। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी ने घटना के समय कुछ देखा हो या संदिग्ध वाहन/व्यक्ति की जानकारी हो तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।


